टैलेंट तिहार में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा…

जगदलपुर। विकासखंड शिक्षा अधिकारी जगदलपुर अनिल दास, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता एवं खंड स्त्रोत समन्वयक राजेंद्र सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में विकासखंड के विभिन्न संकुलों में संकुल स्तरीय टैलेंट तिहार प्रतिभा को पंख एवं सुपर गर्ल्स कार्यक्रम अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।


टैलेंट तिहार अंतर्गत एकल गायन,सामूहिक गायन, एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य, वाद्य यंत्र एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। टैलेंट तिहार का उद्देश्य बच्चों में निहित प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था। इन प्रतियोगिताओं में स्कूल स्तर पर विजयी बच्चों ने प्रतिभागी के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा सुपर गर्ल्स कार्यक्रम, भाषण, वाद विवाद आदि विधाएं भी सम्मिलित की गई है। सुपर गर्ल्स की विशेष बात यह रही कि यह आयोजन केवल बालिकाओं के लिए था। इसके बाद संकुल स्तर पर विजयी प्रतिभागी विकासखंड स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और विकासखंड स्तर पर जो विजेता होंगे वह जिला स्तरीय टैलेंट तिहार एवं सुपर गर्ल्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

नियानार संकुल में आयोजन
संकुल नियानार में संकुल स्तरीय टैलेंट तिहार का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम में संकुल अंतर्गत विभिन्न शालाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता देते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसी तरह संकुल केंद्र विवेकानंद जगदलपुर में टैलेंट तिहार प्रतिभा खोज की संकुल स्तरीय प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया गया आयोजन में संकुल विवेकानंद के समस्त शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक शालाओं तथा हाई व हायर सेकंडरी स्कूलों के विद्यार्थी सम्मिलित हुए।