चाकूबाज क़ो पुलिस ने दबोचा…

जगदलपुर। शहर के वीर सावरकर भवन स्केटिंग मैदान के पास धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राकेश मंडावी, निवासी शांति नगर दुर्गा मंदिर के पास, जगदलपुर के रूप में हुई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि वीर सावरकर भवन स्थित स्केटिंग मैदान के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी राकेश मंडावी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बटनदार धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, एसआई भूपेन्द्र पैकरा, प्रधान आरक्षक मोहन कश्यप तथा आरक्षक वरुण ठाकुर, हरीश, तोमन बघेल, बलराम, भीम और तामेश्वर चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।