वन भूमि पर दोबारा अतिक्रमण, फिर हुई बेदखली कार्रवाई

 

0 वन विभाग ने मुक्त कराया विशाल भू भाग 
(अर्जुन झा) जगदलपुर। बस्तर वन मंडल के भानपुरी परिक्षेत्र में अतिक्रमणकारियों और वन विभाग के बीच “तू डाल डाल, तो मैं पात पात” का खेल चल रहा है। इधर विभागीय अमला वन भूमि से अतिक्रमण हटाता है और उधर फिर से उसी जमीन पर कब्जा कर लिया जाता है। वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल के विशाल भू भाग को फिर से अतिक्रमण मुक्त कराते हुए कब्जेधारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जगदलपुर वृत्त के मुख्य वन संरक्षक स्टाइलो मंडावी के निर्देशानुसार वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और उप वन मंडलाधिकारी आईपी बंजारे के नेतृत्व में 6 अगस्त को भानपुरी परिक्षेत्र की सोनारपाल बीट के ग्राम कुम्हली में पीएफ 1074 नया 83 में विगत वर्ष अतिक्रमण मुक्त कराए गए कुछ स्थलों पर पुनः अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा था। वन मंडल स्तरीय उड़न दस्ता, वृत्त स्तरीय उड़न दस्ता दल, उड़न दस्ता दल प्रभारी वन क्षेत्रपाल मनीषा जांगडे, परिक्षेत्र अधिकारी भानपुरी लालसाय मरकाम एवं कर्मचारी अधिकारी और सुरक्षा श्रमिकों ने अवैध रूप से दोबारा अतिक्रमण करने वाले विक्रम पिता पूरन ग्राम ग्राम कुंम्हली अतिक्रमित रकबा 0.800 हेक्टेयर, हेमलाल पांडे पिता पचकौड़ अतिक्रमित रकबा 0.800 हेक्टेयर, सोनसाय पिता सुखमन अतिक्रमित रकबा 0.600 हेक्टेयर, रघुनाथ पिता देवनाथ, सुखनाथ पिता खुजु के संयुक्त रूप से अतिक्रमित रकबा 2.5 हेक्टेयर और पूरन सिंह पिता रूपधर अतिक्रमित रकबा 1.200 हेक्टेयर पर बेदखली की कार्रवाई की गई एवं वन अधिनियम 1927 की धाराओं अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।