० सामुदायिक सहभागिता की शानदार पहल
बस्तर। विकासखंड बस्तर में शिक्षा और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में एकसाथ विकासखंड स्तरीय न्यौता भोज का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन एवं समस्त संकुल समन्वयकों की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में 23 हजार 101 विद्यार्थियों ने सामूहिक भोजन का लाभ उठाया।कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष, विभिन्न ग्रामों के सरपंचों, पंचों, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के पदाधिकारियों , जनप्रतिनिधियों, पालकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ भोजन किया तथा उन्हें अपने हाथों से भोजन परोसकर आत्मीयता का परिचय दिया।

खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन ने बताया कि न्यौता भोज का उद्देश्य विद्यालयों और समाज के बीच सहभागिता बढ़ाना, विद्यार्थियों में अपनत्व की भावना विकसित करना तथा जनसहयोग के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, पालकों, शाला प्रबंधन समितियों, शिक्षकों एवं संकुल समन्वयकों के प्रति आभार व्यक्त किया।विकासखंड के सभी विद्यालयों में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। सामूहिक भोज के माध्यम से सामाजिक समरसता, सहयोग और सामुदायिक भागीदारी का संदेश भी प्रसारित हुआ। शिक्षा के क्षेत्र में बस्तर विकासखंड की यह पहल जन सहभागिता का एक प्रेरणादायी उदाहरण मानी जा रही है।