० ग्रामीणों ने एसडीएम से की मामले की शिकायत
जगदलपुर। बस्तर जिले की ग्राम पंचायत तुरपुरा के आश्रित ग्राम पल्लीभाटा के कोटवार पर शासकीय भूमि में हेरफेर और शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के गंभीर आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकजुट होकर एसडीएम गगन शर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि ग्राम कोटवार पीलाराम कोर्राम द्वारा शासकीय भूमि से जुड़े मामलों में अनियमितताएं की गई हैं तथा अपने शासकीय दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मामले की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच कर उन्हें पद से हटाते हुए नए कोटवार की नियुक्ति की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होने से गांव में शासकीय भूमि से जुड़े कथित हेरफेर की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लग सकेगी। साथ ही दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की भी मांग की गई है।एसडीएम गगन शर्मा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।