सक्ती। जिले में करीब 90 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर बैंक में गिरवी रखे गए सोने को कम कीमत पर दिलाने का लालच देकर लोगों से करोड़ों की ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी रेखा राठौर, जो एक निजी फाइनेंस कंपनी से जुड़ी हुई थी, अपने परिचितों को यह भरोसा दिलाती थी कि बैंक में गिरवी रखा गया सोना बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर उपलब्ध कराया जा सकता है। इसी भरोसे में आकर सक्ती निवासी मूलचंद राठौर ने अलग-अलग किस्तों में आरोपियों को लगभग 90 लाख रुपये दे दिए।
काफी समय बीतने के बाद भी न तो सोना मिला और न ही रकम वापस की गई। खुद के साथ धोखाधड़ी होने का एहसास होने पर पीड़ित ने सक्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी रेखा राठौर के साथ उसके सहयोगी अफरोज खान और सुभाष साहू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।