रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने राज्य विद्युत पारेषण कंपनी लिमिटेड ( CSPTCL) की वर्ष 2023 की सहायक अभियंता (JE) एवं कनिष्ठ अभियंता (JE) भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी और प्रशासनिक उदासीनता पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि ऊर्जा विभाग के मुखिया स्वयं मुख्यमंत्री के होते हुए भी 43 योग्य युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि वर्ष 2023 में CSPTCL द्वारा सहायक अभियंता (JE) के 52 तथा कनिष्ठ अभियंता (JE) के लगभग 346 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। अभ्यर्थियों को एक ही रोल नंबर आवंटित किया गया और उन्होंने एक ही दिन अलग-अलग पालियों में दोनों परीक्षाएं दी थीं। स्वाभाविक रूप से पहले सहायक अभियंता का परिणाम जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए थी, लेकिन विभाग ने इसके विपरीत पहले कनिष्ठ अभियंता का परिणाम घोषित कर नियुक्तियां दे दीं।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि इस निर्णय के कारण अनेक अभ्यर्थियों का चयन AEऔर JE दोनों पदों पर हुआ। प्रारंभिक चरण में JE के 10 पद रिक्त रह गए। उस समय विभाग ने आश्वासन दिया था कि AE भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिक्त होने वाले सभी JE पदों को जोड़कर एक साथ वेटिंग सूची जारी की जाएगी। अब AE की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद 33 और पद रिक्त हो चुके हैं। इस प्रकार JE के कुल 43 पद खाली हैं, लेकिन विभाग आज तक वेटिंग सूची जारी नहीं कर रहा है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि जब विभाग के पास पात्र अभ्यर्थियों की वेटिंग सूची उपलब्ध है और रिक्त पद भी स्पष्ट हैं, तब नियुक्ति प्रक्रिया को रोककर रखना न केवल प्रशासनिक लापरवाही है बल्कि युवाओं के साथ अन्याय भी है। प्रदेश के हजारों युवाओं ने कठिन परिश्रम कर परीक्षा उत्तीर्ण की, लेकिन अफसरशाही की उदासीनता उनके भविष्य पर भारी पड़ रही है। मुख्यमंत्री को अपने ही विभाग में लंबित इस मामले का तत्काल संज्ञान लेकर, जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब-तलब कर, वर्ष 2023 की श्रम् भर्ती की लंबित वेटिंग सूची तत्काल जारी कराकर 43 रिक्त पदों पर नियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि योग्य युवाओं को समय पर न्याय मिल सके।