
दंतेवाड़ा। प्रथम बटालियन की बी कंपनी कैंप कसौली में श्री हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा समारोह श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ आयोजित किया गया।
यह आयोजन डीआईजी राजेश कुकरेजा, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह और सेनानी नीरज चंद्राकर के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कैंप प्रभारी घनश्याम सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी ने मुख्य यजमान के रूप में पूजा-अर्चना कर प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई।
कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ, नवग्रह पूजा और कलश यात्रा से हुई। इसके बाद हवन एवं प्राण प्रतिष्ठा की धार्मिक विधियां पूरी की गईं। पूजा-अर्चना के उपरांत उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया।
समारोह में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी अपनी पत्नी एवं पुत्री के साथ शामिल हुए। इसके अलावा मंडल अध्यक्ष सूदराम भास्कर, सरपंच शैलेश अटामी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पूजा-अर्चना के दौरान देश और क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की गई। कार्यक्रम के अंत में कैंप प्रभारी घनश्याम सिंह ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने में उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।