जल,जंगल,जमीन व आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए शहीद महेंद्र कर्मा का योगदान अविस्मरणीय – सुशील मौर्य

० शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने मनाई महेंद्र कर्मा की जयंती

जगदलपुर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने  राजीव भवन में ‘बस्तर टाइगर’ के नाम से प्रसिद्ध पूर्व मंत्री एवं जननेता स्वर्गीय महेंद्र कर्मा की जयंती सादगी और गरिमामय वातावरण में मनाई। इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य सहित पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महेंद्र कर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि महेंद्र कर्मा केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि बस्तर की जल, जंगल और जमीन के साथ आदिवासी समाज के अधिकारों के सशक्त प्रहरी थे। उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में आदिवासियों के संवैधानिक और सामाजिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया तथा उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति, भाईचारे और समग्र विकास के लिए महेंद्र कर्मा की सोच आज भी प्रेरणादायक है।

सभा में वक्ताओं ने बस्तर में नक्सलवाद के दौर का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय महेंद्र कर्मा ने ग्रामीणों और आदिवासियों को संगठित कर ‘सलवा जुडूम’ अभियान का नेतृत्व किया था। उनके अनुसार इस अभियान के कारण नक्सली संगठन उनसे नाराज थे और लगातार उन्हें निशाना बनाते रहे।

नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि महेंद्र कर्मा ने नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई और क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किए। उन्होंने कहा कि 25 मई 2013 को झिरम (दरभा) घाटी में हुए नक्सली हमले में उनकी शहादत बस्तर के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है और उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

श्रद्धांजलि सभा में मौजूद अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी महेंद्र कर्मा के व्यक्तित्व और जनसेवा को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन साहस, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक था तथा उनके विचार आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महेंद्र कर्मा के बताए मार्ग पर चलने, बस्तर के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

इस दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद,महामंत्री अभिषेक नायडू,गौरनाथ नाग,ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यापानी,वरिष्ठ कांग्रेसी हनुमान द्विवेदी,अंगद त्रिपाठी,नरेंद्र तिवारी,मन्नू सेन, राजा खान,एस नीला, मोहसिन खान,सलीम अली,पापिया गाईन,पार्षद रामकृष्ण तिवारी,जस्टिन भवानी, राकेश मौर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *