स्मार्ट मीटर के खिलाफ हर वार्ड में अभियान चलाएगी कांग्रेस

० बीसीसी के लोग वार्डों में जाकर उपभोक्ताओं से भरवाए जाएंगे आवेदन 
दल्ली राजहरा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दल्ली राजहरा की मासिक बैठक का आयोजन कांग्रेस कार्यालय में किया गया। बैठक में नगर के बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं एवं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा घरों में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद अनेक बिजली बिल में अप्रत्याशित रूप से बढ़ोतरी होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। बढ़े हुए बिजली बिल से आम उपभोक्ता परेशान हैं और लगातार स्मार्ट मीटर को हटाकर उसके स्थान पर पुराने मीटर लगाए जाने की मांग लोग कर रहे हैं।उपभोक्ताओं की इस मांग को देखते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने निर्णय लिया है कि आगामी दिनों में दल्ली राजहरा शहर के प्रत्येक वार्ड में अभियान चलाकर उन सभी बिजली उपभोक्ताओं से आवेदन भरवाए जाएंगे, जिनके घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। आवेदन के माध्यम से स्मार्ट मीटर को हटाकर पुनः पुराने मीटर लगाए जाने की मांग की जाएगी।यह अभियान मंडल अध्यक्षों एवं कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों की देखरेख में संचालित किया जाएगा। लोगों से प्राप्त सभी आवेदनों को विद्युत विभाग के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके पश्चात बिजली उपभोक्ताओं को साथ लेकर स्मार्ट मीटर एवं बढ़े हुए बिजली बिल की समस्या के विरोध में एक व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने की तैयारी की जाएगी।

लड़ेंगे हक की लड़ाई: अनिला भेड़िया
बैठक में क्षेत्रीय विधायक अनिला भेड़िया भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और उपभोक्ताओं में लगातार असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आम जनता के अधिकारों और हितों की रक्षा करना कांग्रेस संगठन की जिम्मेदारी है। विधायक ने कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को समझें, उनके आवेदन भरवाएं तथा उनकी आवाज को मजबूती से विद्युत विभाग एवं सरकार तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आम जनता के हितों की लड़ाई को और तेज करना होगा तथा संगठन को बूथ एवं वार्ड स्तर तक मजबूत करते हुए आगामी आंदोलन को प्रभावी एवं व्यापक रूप देना होगा।

बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान होने तक कांग्रेस पार्टी लगातार उनकी आवाज उठाती रहेगी। स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों को एकत्रित कर शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर उपभोक्ताओं के साथ चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। मासिक बैठक में मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) के अध्यक्ष अभय सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष काशी निषाद, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रवि जायसवाल, युवराज साहू, पूर्व अध्यक्ष अशोक बांबेश्वर, मजदूर नेता तिलक मानकर, विवेक मसीह, चंद्रप्रकाश सिन्हा, संतोष घराना, दिनेश उर्वशा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री के. ईश्वर राव, श्रीनिवास, लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, जगदीश श्रीवास, विजय जोगदंड, राजकुमार साहू, पार्षद प्राची सिन्हा, सुमरित उर्वशा, रोशन पटेल, पूर्व पार्षद श्रुति यादव, नूरजहां बेगम, मालती केरकेट्टा, अमरौतिन ठाकुर, रुक्मणी प्रधान, सन्नी जायसवाल रामजतन भारद्वाज, अजय छाजेड़, मुकेश देवगन, महेंद्रन अप्पू, सुरेश ठाकुर, जागेश्वर यादव, कृष्ण यादव, भूपेंद्र दिल्लीबार, अनूप बाम्बेश्वर, फ्रांसिस कालिन, राकेश जायसवाल, राजू विनायक, अशोक भूआर्य, प्रवीण शर्मा, राघवेंद्र ठाकुर, अजय नोन्हरे, नितेश बाम्बेश्वर, हीरालाल पवार, जयप्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री श्रीनिवास ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा बैठक के समापन की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *