खेत जोतते करंट की चपेट में आया युवक, बैल की मौत, युवक गंभीर

0 करपावंड डीसी के जेई भूरिया और लाइनमैन की तत्परता से बचा युवक

0 ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग उठाई 

बकावंड। विकासखंड बकावंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मैलबेड़ा के डोंगरीपारा में मंगलवार सुबह खेत में हल चलाते समय एक बड़ा हादसा हो गया। खेत के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आने से शंकर पिता सुखरु, निवासी डोंगरीपारा, मैलबेड़ा और उसका बैल आ गए। हादसे में बैल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि शंकर भी करंट की चपेट में आकर गंभीर स्थिति में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल करपावंड विद्युत विभाग के जेई भूरिया को फोन कर जानकारी दी।सूचना मिलते ही जेई ने बिना देर किए लाइनमैन को संबंधित विद्युत लाइन की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। समय रहते बिजली काट दिए जाने से शंकर की जान बच गई। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा। ग्रामीणों ने जेई भुरिया और लाइनमैन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय पर बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाती तो युवक की भी जान जा सकती थी। हालांकि बैल की मौत से पशु पालक को भारी आर्थिक क्षति हुई है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि मृत बैल के मालिक को नियमानुसार मुआवजा दिया जाए, घायल युवक के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा क्षेत्र की विद्युत लाइनों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *