
जगदलपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने आम लोगों को चाकू दिखाकर डराने-धमकाने वाले एक युवक को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक धारदार बटनदार चाकू भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को सूचना मिली थी कि धरमपुरा स्थित महावीर नगर गेट के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को धमका रहा है और इलाके में दहशत फैला रहा है। सूचना मिलते ही निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके पर आनंद नाग उर्फ आदर्श नाग, निवासी मेटगुड़ा, जवाहर नगर, को हाथ में चाकू लहराते हुए पाया। वह राहगीरों को भयभीत कर रहा था। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से एक धारदार बटनदार चाकू बरामद किया।
आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, पीएसआई भूपेंद्र पैकरा, प्रधान आरक्षक मोहन कश्यप तथा आरक्षक वरुण ठाकुर, हरीश, तोमन बघेल, बलराम, भीम और तामेश्वर चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।