ऐसे जाग उठी बस्तर ब्लॉक में शिक्षा की अलख!

० स्कूलों से ग्रामीणों का बढ़ गया है जुड़ाव 
० 61 संकुलों में एकसाथ हुआ ‘न्योता भोज 
(अर्जुन झा)जगदलपुर। बस्तर की विकासखंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन ने शालाओं से जन समुदाय को जोड़ने की शानदार पहल की है। ग्रामीणों और शिक्षा विभाग के समन्वित पहल से पूरे बस्तर विकासखंड में शिक्षा की अनूठी अलख जाग उठी है।विभाग की पहल पर ग्रामीणों के सहयोग से  ब्लॉक के सभी 61 संकुलों में एकसाथ न्योता भोज का आयोजन किया गया।
विकासखंड स्तर पर एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों, पालकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।कार्यक्रम खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन तथा सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार तिवारी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अधिकारियों के निर्देशन में सभी संकुलों में स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई। न्योता भोज के दौरान सभी ने एकसाथ बैठकर भोजन किया और विद्यालयों के विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया। इस आयोजन के माध्यम से समाज और विद्यालय के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने तथा शिक्षा के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। विकासखंड के सभी 61 संकुलों में एकसाथ आयोजित यह कार्यक्रम शिक्षा विभाग और समुदाय के बेहतर समन्वय का उदाहरण बनकर सामने आया। क्षेत्र में इस पहल की जमकर सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *