चावल कारोबार की प्रतिस्पर्धा बनी हत्या की वजह, कारोबारी की बेरहमी से हत्या करने वाला साथी गिरफ्तार

धमतरी। जिले में 27 वर्षीय चावल कारोबारी नीरज साहू की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में खुलासा हुआ कि हत्या किसी लूट या पुरानी दुश्मनी के कारण नहीं, बल्कि व्यापारिक प्रतिस्पर्धा और ईर्ष्या के चलते की गई थी। पुलिस ने मामले में मृतक के कारोबारी साथी बिरेंद्र कुमार साहू को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कैंची और पाना भी बरामद कर लिया है।

दरअसल, 22 जुलाई को कुरूद थाना क्षेत्र के नारी महानदी पुल के मुख्य मार्ग पर नीरज साहू का खून से लथपथ शव मिला था। उसके गले और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल पर मृतक का बोलेरो पिकअप वाहन भी खड़ा मिला, जिसके बाद हत्या की आशंका के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडे के निर्देश पर कुरूद, मगरलोड थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान संदेह की सुई मगरलोड थाना क्षेत्र के सांकरा निवासी बिरेंद्र कुमार साहू पर जाकर रुकी।

हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह और नीरज साहू दोनों चावल के कारोबार से जुड़े थे। नीरज का व्यवसाय तेजी से बढ़ रहा था और उसकी अच्छी कमाई से वह भीतर ही भीतर जलन और प्रतिस्पर्धा की भावना रखता था। इसी रंजिश में उसने सुनसान स्थान पर नीरज को रोककर उस पर कैंची और पाना से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कैंची और पाना बरामद कर लिया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक जांच की मदद से इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा संभव हो सका। अधिकारियों ने कहा कि गंभीर अपराधों के मामलों में आधुनिक जांच तकनीकों का उपयोग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *