० कई थाना क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरे बंद
० खैरगुड़ा बाइक चोरी में निजी कैमरों से जुटाने पड़ रहे साक्ष्य
(अर्जुन झा)बस्तर। बस्तर जिला पुलिस की तीसरी आंख को मोतियाबिंद हो गया है। जिले के कई थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों ने काम करना बंद कर दिया है। अब साक्ष्य जुटाने और अपराधियों तक पहुंचने के लिए पुलिस को चौथी आंख यानि निजी सीसीटीवी कैमरों की मदद लेनी पड़ रही है।
अपराधों पर लगाम लगाने और अपराधियों पर नजर रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की हकीकत चिंताजनक है। कई थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कैमरे बंद पड़े हैं, जिससे पुलिस की निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। हाल ही में भानपुरी थाना क्षेत्र के खैरगुड़ा में हुई बाइक चोरी की जांच के दौरान भी सरकारी कैमरों से कोई उपयोगी फुटेज नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस को आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों में लगे निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ानी पड़ी। हमारी टीम द्वारा जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का जायजा लेने पर कई स्थानों पर कैमरे बंद मिले। घोटिया चौकी क्षेत्र में अधिकांश कैमरे खराब पाए गए। चौकी प्रभारी ने बताया कि हाल ही में आकाशीय बिजली गिरने एवं बिजली चमकने से क्षेत्र के सभी कैमरे खराब हो गए हैं। संबंधित एजेंसी को मरम्मत के लिए सूचना दे दी गई है और जल्द ही कैमरों को दुरुस्त कर पुनः चालू कराया जाएगा। वहीं बस्तर थाना प्रभारी सुरेश कुमार जांगड़े ने बताया कि थाना क्षेत्र के सभी सीसीटीवी कैमरे चालू स्थिति में हैं। भोंड चौक में लगे कैमरों की स्थिति की भी जांच कराई जा रही है। वहीं लोहंडीगुड़ा थाना प्रभारी रवि बैगा ने बताया कि थाना क्षेत्र के कैमरे संचालित हैं, लेकिन लामड़ागुड़ा चौक में अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाए ही नहीं गए हैं। उधर बंड़ाजी थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। इधर भानपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन और व्यापारी संगठन के संयुक्त प्रयास से खराब पड़े कैमरों की मरम्मत कराई गई है तथा नए कैमरे भी लगाए गए हैं। थाना प्रभारी हर्ष कुमार धुरंधर ने बताया कि क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। जिले के नागरिकों ने सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों का तकनीकी सर्वे कराकर बंद कैमरों को तत्काल चालू करने तथा जिन स्थानों पर कैमरे नहीं हैं, वहां नए कैमरे लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रभावी निगरानी व्यवस्था से संदिग्ध व्यक्तियों और अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा भी मजबूत होगी।
बिजली गिरने से बंद हुए कैमरे
आकाशीय बिजली चमकने से चौकी क्षेत्र के सभी सीसीटीवी कैमरे खराब हो गए हैं। संबंधित एजेंसी को मरम्मत के लिए सूचना दे दी गई है। जल्द ही सभी कैमरे चालू करा दिए जाएंगे।
-वेदलाल नाग, घोटिया चौकी प्रभारी
सभी कैमरे काम कर रहे
“बस्तर थाना क्षेत्र के सभी सीसीटीवी कैमरे चालू हैं। भोंड चौक के कैमरों की स्थिति की भी जांच कराई जा रही है।
-सुरेश कुमार जांगड़े, थाना प्रभारी, बस्तर
चालू हालत में हैं कैमरे
लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के कैमरे चालू हालत में हैं। हालांकि लामड़ागुड़ा चौक में अभी तक पुलिस प्रशासन द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाए ही नहीं गए हैं।
-रवि बैगा,
थाना प्रभारी, लोहंडीगुड़ा
मजबूत है निगरानी व्यवस्था
पुलिस प्रशासन एवं व्यापारी संगठन के सहयोग से खराब कैमरों की मरम्मत कराई गई है और नए कैमरे भी लगाए गए हैं। क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
-हर्ष कुमार धुरंधर, थाना प्रभारी, भानपुरी