रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से 1.74 लाख रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान टिकरापारा निवासी मोहम्मद शाहिद उर्फ मुर्गी (54) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की रकम में से 1 लाख रुपये बरामद किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी ब्रजेश साव 25 जुलाई को अपनी ई-रिक्शा क्रमांक CG 04 PL 5745 से किराना सामान खरीदने गुढ़ियारी पड़ाव पहुंचा था। उसके पास करीब 2 लाख रुपये नकद थे। खरीदारी के बाद जब वह अन्नपूर्णा ट्रेडर्स से सामान लेकर भुगतान करने पहुंचा और ई-रिक्शा के डैशबोर्ड में रखा रुपयों से भरा थैला निकालने गया, तो थैला गायब मिला। उसमें करीब 1.74 लाख रुपये रखे हुए थे।
शिकायत मिलते ही एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गुढ़ियारी पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति ई-रिक्शा से रुपयों से भरा थैला निकालते हुए नजर आया। तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान मोहम्मद शाहिद उर्फ मुर्गी के रूप में की।
पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना के महज 8 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 1 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
2025 में भी इसी अंदाज में की थी चोरी
पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2025 में माना थाना क्षेत्र के डूमरतराई में भी इसी तरह की चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2025 को एक छोटा हाथी वाहन की सीट पर रखे बैग से 2.70 लाख रुपये चोरी किए गए थे। इस मामले में थाना माना में अपराध दर्ज है और अब इस प्रकरण में भी आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। वर्ष 2020 में उरला थाना क्षेत्र के नारकोटिक्स एक्ट और वर्ष 2022 में गोलबाजार थाना क्षेत्र के जुआ एक्ट के मामले में वह जेल में निरुद्ध रह चुका है। इस कार्रवाई में पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गुढ़ियारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।