रायपुर। स्मार्ट मीटर, टास्क फोर्स और E20 पेट्रोल को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों की परेशानियों का हवाला देते हुए कहा कि इसे लेकर आम जनता में असंतोष बढ़ रहा है। भूपेश बघेल ने दावा किया कि स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य नहीं, बल्कि यह लोगों की इच्छा पर निर्भर है। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रदेश की व्यवस्था पर तंज कसा और कहा कि मौजूदा हालात में आम लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में व्यवस्था से जुड़े लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। यदि योजना को लागू करने वाले लोगों की नीयत और कार्यप्रणाली सही नहीं होगी, तो उसका लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पाएगा।
केंद्र सरकार द्वारा टास्क फोर्स गठित किए जाने पर भी बघेल ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केवल टास्क फोर्स बना देने से समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता। जरूरत इस बात की है कि सिस्टम में सुधार किया जाए और आम जनता की समस्याओं का वास्तविक समाधान निकाला जाए।
वहीं, E20 पेट्रोल को लेकर चल रही बहस के बीच भूपेश बघेल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहनों के माइलेज को लेकर लोगों में नाराजगी है। इसी मुद्दे पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि अब इस मामले में नितिन गडकरी को जवाब देना चाहिए।