शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोपी देश छोड़कर नहीं भाग सकेगा, पीयूष जायसवाल के खिलाफ LOC जारी

जांजगीर-चांपा। शेयर ट्रेडिंग में कम समय में भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने वाले फरार आरोपी के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पीयूष जायसवाल के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। अब देश के सभी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बंदरगाहों और सीमा चौकियों पर आरोपी की निगरानी की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ीशंकर निवासी 21 वर्षीय पीयूष जायसवाल ने जांजगीर-चांपा, चांपा, कोरबा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को शेयर ट्रेडिंग में कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। शुरुआत में निवेशकों का भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने बड़ी संख्या में लोगों से करोड़ों रुपये निवेश कराए। इसके बाद वह अचानक फरार हो गया।

शिकायत मिलने पर पुलिस ने विभिन्न थानों में अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू की। बम्हनीडीह थाने में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया, जबकि चांपा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। बाद में जमानत मिलने के बाद वह लगातार न्यायालय में पेश नहीं हुआ। समन और वारंट की अनदेखी करने पर उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। आरोपी के लगातार फरार रहने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ LOC जारी कराने की प्रक्रिया शुरू की, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।

LOC जारी होने के बाद आरोपी के देश से बाहर भागने की संभावनाओं पर रोक लगेगी। यदि वह विदेश जाने की कोशिश करता है या विदेश से भारत लौटता है, तो एयरपोर्ट, बंदरगाह या सीमा चौकी पर संबंधित एजेंसियां उसे हिरासत में लेकर स्थानीय पुलिस को सूचना दे सकती हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ अन्य अदालतों में भी मामले लंबित हैं। बिलासपुर न्यायालय में उसके खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 से जुड़ा प्रकरण विचाराधीन है। वहीं कोरबा न्यायालय में भी उसके खिलाफ कई मामलों में गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं।

पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही है। जांजगीर-चांपा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। पुलिस ने जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *