० सीएम हेल्पलाइन में की गई मामले की शिकायत
बकावंड। बस्तर जिले के विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत छोटे जीराखाल के सरपंच की दबंगई का मामला सामने आया है। यहां सरपंच ने एक किसान की निजी भूमि पर जबरदस्ती बोर करा दिया है। पीड़ित परिवार ने सरपंच की दबंगई के खिलाफ सुशासन तिहार और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित देवशंकर, तुलसीदास, तुकाराम व जगजीवन के नाम पर ग्राम छोटे जीराखाल में खसरा नंबर 163/3 रकबा 0.2300 हेक्टेयर कृषि भूमि है। पीड़ितों का आरोप है कि ग्राम पंचायत के सरपंच डोमूहर बघेल ने 26 जनवरी 2026 को उक्त भूमि पर भू-स्वामी की सहमति के बिना जमीन के बीचों बीच बोर करा दिया है। आवेदन में बताया गया है कि सरकारी राशि 3 महीने तक नहीं मिलने पर सरपंच ने मेड़ के किनारे बोर कराने की बात कहकर केवल एक ही व्यक्ति से सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करवा लिए। पीड़ितों ने कहा कि हम इस बोर का विरोध करते हैं और इसे हटवाना चाहते हैं। पीड़ितों ने 13 मई को सुशासन तिहार में आवेदन देकर मामले की शिकायत की थी। इसके बाद 20 जुलाई को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन रायपुर में भी शिकायत दर्ज कराई गई।पीड़ितों ने बताया कि क्रेडा विभाग को भी सोलर पंप हटाने के संबंध में आवेदन दिया गया था, लेकिन उस पर भी अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ितों ने कलेक्टर और जनपद सीईओ से सरपंच के खिलाफ कार्रवाई कर अवैध बोर को हटवाने की मांग की है।