जगदलपुर। केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा 2026 की कक्षा 5वीं और 8वीं की अंकसूचियों में बड़ी संख्या में त्रुटियां पाए जाने पर बस्तर के विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने सहायक खंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में परीक्षा परिणाम और अंकसूची सुधार की समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि जिले से भेजी गई कई अंकसूचियों में गंभीर त्रुटियां हैं। बैठक में पहले ही निर्देश दिए गए थे कि सभी त्रुटियों का समय पर सुधार सुनिश्चित किया जाए, लेकिन इसके बावजूद सुधार कार्य पूरा नहीं किया गया।
बीईओ ने नोटिस में कहा है कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बाद भी लापरवाही बरती गई, जो शासकीय कर्तव्यों के प्रति उदासीनता तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का उल्लंघन है।
संबंधित अधिकारी को एक दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने और तीन दिनों के भीतर सभी लंबित त्रुटियों का सुधार कर कार्यालय को जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब या सुधार नहीं होने पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 5वीं की 312 और कक्षा 8वीं की 173 अंकसूचियों में अभी भी सुधार किया जाना बाकी है। बीईओ ने इन सभी त्रुटियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं।