० मन की बात करना छोड़ देश के युवाओं को जवाब दें मोदी: सुशील मौर्य
० कांग्रेस ने हरिका राव नायडू को दी श्रद्धांजलि, प्रधान से मांगा इस्तीफा
जगदलपुर। संभाग मुख्यालय जगदलपुर में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की उपस्थिति में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वाधान में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार में बार बार हो रहे नीट पेपर लीक व रि-नीट के परिणामों से आहत होकर आत्महत्या करने वाली बस्तर की होनहार बेटी सुरला हरिका राव नायडू की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और कैंडल मार्च निकाला।
शहीद स्मारक स्थल पर कांग्रेसजनों ने मोमबत्तियां जला कर दिवंगत बेटी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना भी की गई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग भी जोरदार ढंग से उठाई गई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि नीट परीक्षा में व्यापक धांधली, लगातार हो रहे पेपर लीक व परीक्षा री-नीट के विवादित परिणामों और परीक्षा में हुई अनियमितताओं से गहरे मानसिक तनाव में आकर बस्तर की बेटी सुरला हरिका राव नायडू को आत्मघाती कदम उठाने मजबूर होना पड़ा। इस अत्यंत दुखद और हृदय विदारक घटना की जिम्मेदार केंद्र की मोदी सरकार और उसकी लचर परीक्षा प्रणाली है।

श्री बैज ने उपलब्ध जानकारी के हवाले से कहा कि रद्द हुई नीट परीक्षा में बच्ची के अंक ज्यादा आ रहे थे तथा नीट-2 में उसके अंक कम आए। इससे दुखी होकर उसने जान दे दी। इस बच्ची की मौत और इस प्रकार से अन्य बच्चों की मौतों और उनकी हताशा के मोदी सरकार जिम्मेदार है। मोदी सरकार के राज में नीट परीक्षा में जो गड़बड़ियां हुई तथा परीक्षा रद्द हुई उससे बच्चे निराशा और हताशा के गर्त में चले गए हैं। उसी निराश में बच्चे आत्मघाती कदम उठा रहे हैं। इस मामले की प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री और नीट के कर्ताधर्ताओं को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। पिछली बार भी नीट के पेपर लीक मामले में मोदी सरकार ने किसी की जवाबदेही तय नहीं की न ही कोई ठोस कार्रवाई की थी। इससे स्पष्ट है कि पेपर लीक के असल गुनहगारों को भाजपा सरकार का संरक्षण है। इस सरकार ने देश के करोड़ों युवाओं की रात-दिन की मेहनत, उनके सपनों और उनके सुरक्षित भविष्य के साथ एक सुनियोजित सामूहिक खिलवाड़ किया है।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि आज देश में पेपर लीक एक राष्ट्रीय महामारी का रूप ले चुका है। बार-बार प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने से लाखों युवाओं की वर्षों की मेहनत और सपने बर्बाद हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर महीने मन की बात करते हैं, लेकिन देश के करोड़ों युवाओं के सबसे बड़े मुद्दे पेपर लीक पर मौन साधे हुए हैं। प्रधानमंत्री को देश की जनता, विशेषकर युवाओं को यह बताना चाहिए कि उनकी सरकार पेपर लीक रोकने में लगातार असफल क्यों हो रही है।
सुशील मौर्य ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार देश के युवाओं की आवाज संसद से लेकर सड़क तक उठा रहे हैं और रोजगार, शिक्षा तथा निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद केंद्र सरकार युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से लेने के बजाय उन्हें अनदेखा कर रही है उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपनी नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें। उन्होंने किंतु आजाद भारत के इतिहास में सबसे ज्यादा युवा विरोधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।वे इस कदर युवा विरोधी हैं कि एक नाकाम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भी नहीं ले पा रहे हैं। 150 से अधिक पेपर लीक, 7.5 करोड़ छात्र व परिजन पीड़ित और सजा एक भी दोषी को नहीं।और सजा मिल रही मेहनती युवाओं को। जब इन बच्चों ने शिक्षा के जायज सवाल उठाए, तो जवाब में मिली लाठी और हिरासत। पेपर लीक करने वाले आजाद घूम रहे हैं और वाजिब मुद्दे उठाने वाले छात्र घसीटे जाते हैं,पीटे जाते हैं। कैंडल मार्च के दौरान दिवंगत बेटी के दादा प्रकाश नायडू सहित उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने दिवंगत बेटी हरिका राव नायडू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूर्व विधायक रेखचंद जैन, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, रामशंकर राव, उपनेता प्रतिपक्ष, कोमल सेना, प्रकाश नायडू, रविशंकर तिवारी, जाहिद हुसैन, विजय सिंह, अमरनाथ सिंह, सुभाष गुलाटी, प्रशांत जैन, अल्ताफ उल्ला खान, अनुराग महतो, नीतीश शर्मा, बलराम यादव, सूर्या पानी, संतोष सेठिया, फूलसिंह बघेल, जावेद खान, निकेत राज झा, विशाल खंबारी, राजेंद्र पटवा, दयाराम कश्यप, रोजविन दास, एम.वेंकट राव, महेश द्विवेदी, जोहन सुता सहित सैकड़ों कांग्रेसी उपस्थित थे।