० आज होगा नेत्रोत्सव का भव्य एवं वृहद आयोजन
० 16 को बस्तरिहा तुपकी की गूंज के बीच
जगदलपुर। 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज अपनी 619 वर्षों से चली आ रही समृद्ध रियासतकालीन परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी 29 जून देव स्नान पूर्णिमा) से 25 जुलाई देवशयनी एकादशी तक बस्तर गोंचा महापर्व 2026 का आयोजन कर रहा है।देव स्नान पूर्णिमा चंदन यात्रा के साथ महापर्व का शुभारंभ हो चुका है। इस वर्ष श्रद्धालुओं को भगवान के दिव्य स्नान का प्रत्यक्ष दर्शन कराने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में स्थापित शेड पर भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं बलभद्र स्वामी का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाभिषेक सम्पन्न कराया गया, जिसका हजारों श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ प्राप्त किया।
भगवान श्री जगन्नाथ के अनसर काल की समाप्ति के उपरांत 15 जुलाई को परंपरानुसार नेत्रोत्सव का आयोजन होगा। भगवान श्री जगन्नाथ का नेत्रोत्सव वैदिक पूजा-विधान के साथ संपन्न होगा। देव स्नान पूर्णिमा के पश्चात अनवसर विश्राम अवधि पूर्ण होने पर भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। नेत्रोत्सव के अवसर पर आकर्षक वस्त्र, स्वर्ण-रजत आभूषणों एवं दिव्य अलंकरणों से सुसज्जित कर भक्तों को प्रथम दर्शन कराए जाएंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के नवयौवन एवं दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। इसके पश्चात 16 जुलाई को पारंपरिक बस्तरिया तुपकी की गर्जना के बीच श्रीगोंचा रथयात्रा प्रारंभ होगी। भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं बलभद्र स्वामी सहित 22 विग्रहों को तीन भव्य रथों पर विराजमान कर नगर परिक्रमा के उपरांत जनकपुरी गुंडिचा मंडप ले जाया जाएगा, जहां नौ दिनों तक श्रद्धालु दर्शन लाभ प्राप्त करेंगे। रथयात्रा के शुभारंभ पर समाज एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा पारंपरिक तुपकी सलामी दी जाएगी। इस वर्ष गोंचा महापर्व के प्रथम दिवस श्री गोंचा पर स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने पर समाज ने जिला प्रशासन एवं कलेक्टर बस्तर के प्रति आभार व्यक्त किया है। 16 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रतिदिन संध्या 7:30 बजे महाआरती के पश्चात भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें स्थानीय कलाकारों के साथ संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
महापर्व के प्रमुख कार्यक्रम
19 जुलाई को अखंड रामायण पाठ, 20 जुलाई को हेरा पंचमी पर समाज के वरिष्ठजनों एवं पारंपरिक तुपकी निर्माताओं का सम्मान तथा संध्या बेला में लक्ष्मीजी की डोली का नगर भ्रमण एवं लक्ष्मी-नारायण संवाद, 21 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ को छप्पन भोग अर्पण, 23 जुलाई को समाज द्वारा निःशुल्क उपनयन संस्कार, 24 जुलाई को बाहुड़ा गोंचा रथयात्रा, भगवान की श्रीमंदिर वापसी एवं कपाट फेंड़ा पूजा और 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी के साथ गोंचा महापर्व का परायण। गोंचा महापर्व को मेला स्वरूप प्रदान करने हेतु इस वर्ष भी 12 धार्मिक दुकानों की स्थापना की जा रही है, जहां पूजा सामग्री एवं भगवान श्री जगन्नाथ के प्रिय भोग-प्रसाद उपलब्ध रहेंगे।
आएंगे मुख्यमंत्री साय भी
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को समाज के प्रतिनिधि मंडल ने महापर्व में सम्मिलित होने का आमंत्रण दिया है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा मानसून सत्र की समाप्ति के बाद कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया है। प्रदेश के अन्य जनप्रतिनिधियों के भी महापर्व में सम्मिलित होने की संभावना है। इस वर्ष तेरह वेश झांकी स्थल को 10 वर्षों बाद नवीन वस्त्रों एवं आकर्षक विद्युत सज्जा के साथ पुनः तैयार किया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। नगरपालिका निगम के सहयोग से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गोंचा गुड़ी का निर्माण किया जा रहा है, जिससे दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक भी बैठकर महापर्व का आनंद ले सकेंगे। नगर निगम द्वारा शुद्ध पेयजल एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
विस्तृत है समाज का दायरा
360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज की 14 क्षेत्रीय समितियों के अंतर्गत 108 से अधिक ग्रामों में निवासरत समाज के परिवार 17 जुलाई से 23 जुलाई तक भगवान श्री जगन्नाथ को पारंपरिक अमनिया सात्विक भोग) अर्पित कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण करेंगे। बड़ेगुड़ी के भोगसार का निर्माण पूर्ण हो चुका है तथा गोंचा उपरांत प्रतिदिन भोग-प्रसाद वितरण प्रारंभ करने की योजना है। नवीन रथ निर्माण कार्य अंतिम चरण में है तथा इस वर्ष भी विद्युत सज्जा के साथ भव्य रथ संचालन किया जाएगा। रथ परिक्रमा मार्ग पर विद्युत अवरोध समाप्त करने हेतु मुख्यमंत्री, वन मंत्री एवं जगदलपुर विधायक के प्रयासों के लिए समाज ने आभार व्यक्त किया है। रथ परिक्रमा के दौरान ओडिशा एवं बस्तर के कलाकारों द्वारा आकर्षक नृत्य-संगीत की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। विभिन्न समाज एवं संगठनों द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं बलभद्र स्वामी के स्वागत एवं पूजन की व्यवस्था की जा रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता में समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, बस्तर गोंचा आयोजन समिति के अध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडे, पूर्व अध्यक्ष ईश्वरनाथ खंबारी, हेमंत पांडे, दिनेश पाणिग्रही, रविन्द्र पांडे, बनमाली पाणिग्रही, राकेश पांडे, सुदर्शन पाणिग्रही, गजेंद्र पाणिग्रही, विम्भाधर पांडे, नरेंद्र पाणिग्रही, विवेक पांडे, वैभव पांडे, आत्माराम जोशी, पुरुषोत्तम जोशी, मिनेश पाणिग्रही, मोहन जोशी, शुभांशु पाढ़ी, जशकेतन जोशी, आशु आचार्य, प्रदीप पाढ़ी, विपिन पाणिग्रही, हर्ष पाणिग्रही, रजत पाणिग्रही, सोमप्रकाश जोशी, शिवांश पाणिग्रही उपस्थित थे।