रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान जल जीवन मिशन का मुद्दा प्रमुखता से उठा। भाजपा विधायक भैयालाल राजवाड़े ने कोरिया जिले में योजना के क्रियान्वयन और कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा।
विधायक राजवाड़े ने आरोप लगाया कि कई गांवों में जल जीवन मिशन के तहत कार्य गुणवत्ता के अनुरूप नहीं हुए हैं और आज भी लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ जमीनी स्तर पर आम लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
इस पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने कहा कि कोरिया जिले में जल जीवन मिशन के तहत कार्य प्रगति पर हैं और कई परियोजनाएं अभी निर्माणाधीन हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जहां भी अनियमितताओं या गुणवत्ता संबंधी शिकायतें मिलेंगी, वहां जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि मंत्री के जवाब से विधायक भैयालाल राजवाड़े संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र की वास्तविक स्थिति सरकार के दावों से अलग है और कई गांवों में अब भी पेयजल की समस्या बनी हुई है। सदन में इस मुद्दे पर सरकार और विधायक के बीच योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई।