० सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक ने खुद सम्हाल रखा है मोर्चा
जगदलपुर। कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा पीलिया के संक्रमण को रोकने और प्रभावितों की मॉनिटरिंग के लिए नेगीगुड़ा पारा में युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक खुद फील्ड पर मोर्चा सम्हाले हुए हैं। चार दिन पूर्व आयुष्मान आरोग्य मंदिर घाट पदमुर के नेगीगुड़ा पारा में पीलिया के मरीज मिलने के बाद सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक के मार्गदर्शन में बीएमओ नानगुर द्वारा सेक्टर कुम्हरावंड से विशेष स्वास्थ्य टीम तैनात की गई है। यह टीम प्रभावित क्षेत्र में घर-घर भ्रमण कर संक्रमित मरीजों की खोज कर रही है। साथ ही ग्रामीणों को क्लोरीन की गोलियां, ब्लीचिंग पाउडर, जिंक और ओआरएस पैकेट का भी वितरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज स्वास्थ्य दल द्वारा 254 घरों का सघन भ्रमण कर 921 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें से 4 संदिग्ध मरीजों के सैंपल कलेक्ट किए गए।
सीएमएचओ पहुंचे ग्राउंड जीरो पर
आज बस्तर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक और उनकी वरिष्ठ टीम द्वारा ग्राम नेगीगुड़ा पहुंचकर स्वास्थ्य जांच दल के कार्यों की जमीनी मॉनिटरिंग की गई। अधिकारियों ने मैदानी अमले को सख्त हिदायत दी है कि क्षेत्र का एक भी घर और एक भी व्यक्ति जांच से छूटना नहीं चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम नेगीगुड़ा का कुछ क्षेत्र ग्राम पंचायत और कुछ क्षेत्र नगर निगम सीमा के अधीन आता है। बीते कल क्षेत्र से कुल 20 सैंपल लिए गए थे, जिसमें से केवल एक पॉजिटिव केस की पुष्टि हुई है। राहत की बात यह है कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और सामान्य है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्र के सभी नागरिकों को अनिवार्य रूप से पानी उबालकर और छानकर पीने की समझाइश दी जा रही है। इस निरीक्षण और मॉनिटरिंग के दौरान मौके पर मुख्य रूप से सीएमएचओ जगदलपुर डॉ. संजय बसाक, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना लक्ष्मी, महामारी नियंत्रण नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र ठाकुर, लैब टेक्नीशियन अमर दास मानिकपुरी, सुपरवाइजर प्रशांत श्रीवास्तव और लेडी हेल्थ विजिटर नीलम ठाकुर सहित स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।