गांव चलो अभियान के तहत कांग्रेस का नानगुर बाजार में जनसंपर्क और चाय पर चर्चा

० भाजपा सरकार से नाराज है हर तबका : सुशील मौर्य 
जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे कांग्रेस के मिशन गांव चलो अभियान के तहत आज जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नानगुर बाजार में किसानों, युवाओं, छोटे व्यापारियों एवं आम नागरिकों के साथ चाय पर चर्चा की, उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने महंगाई, बेरोजगारी, कृषि संकट, शिक्षा व्यवस्था और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकारों के प्रति गहरा असंतोष व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल के समक्ष सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित अनेक समस्याएं रखीं। कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी प्रत्येक समस्या को गंभीरता से संबंधित विभागों एवं शासन-प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा तथा समाधान के लिए लगातार संघर्ष किया जाएगा। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य से चर्चा के दौरान आम नागरिकों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। दैनिक उपयोग की वस्तुओं से लेकर खाद्य सामग्री तक के बढ़ते दामों ने जनता का जीवन कठिन बना दिया है। सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। कई लोगों ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की नीति को लेकर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस विषय पर सरकार के प्रति लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बिजली व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने भारी नाराजगी जताई। क्षेत्रवासियों ने कहा कि एक ओर बिजली के बिल लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बार-बार बिजली गुल होने से जीवनचर्या और खेती किसानी प्रभावित हो रही है। लोगों का आरोप है कि बिजली व्यवस्था में सुधार के बजाय उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।किसानों ने कहा कि समय पर खाद-बीज नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है।सरकार की नीतियों के कारण कृषि क्षेत्र संकट का सामना कर रहा है और किसानों की समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। शिक्षा व्यवस्था पर भी अभिभावकों और विद्यार्थियों ने चिंता जताई। उन्होंने बताया कि कई विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं हैं तथा अनेक स्कूल एकल शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहे हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। लोगों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। जो कि यह सरकार नहीं कर रही है।इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बड़े-बड़े वादों और जुमलों तक ही सीमित होकर रह गई है। सत्ता में आने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं। जिन मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी, उनकी लगातार उपेक्षा की जा रही है। गांवों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गांव, गरीब, किसान और आमजन के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। मिशन गांव चलो अभियान का उद्देश्य गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को जानना, उनके बीच संवाद स्थापित करना और उनकी आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाना है। कांग्रेस पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी तथा प्रत्येक ग्रामीण की समस्याओं को पूरी प्राथमिकता के साथ उठाकर सरकार की आंखें खोलने का कार्य करेगी।इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता की आवाज़ को लगातार अनसुना किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस पार्टी जन-जन के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता बदलाव का मन बना चुकी है। इस दौरान पूर्व विधायक रेखचंद जैन, जिला उपाध्यक्ष नीलूराम बघेल, महामंत्री विजय सिंह, जिला सचिव हीरालाल ध्रुव, मंडल अध्यक्ष गणेश सेठिया, विजय ध्रुव, लोकेश सेठिया आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *