फर्जी केंद्रीय अधिकारी बनकर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, नौकरी और ट्रांसफर के नाम पर करता था धोखाधड़ी

रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने खुद को भारत सरकार का अधिकारी बताकर सरकारी नौकरी, ट्रांसफर और पोस्टिंग कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों का विश्वास जीतने के लिए फर्जी पहचान-पत्र, एडिटेड फोटो और अपनी कार पर “भारत सरकार” लिखवाकर खुद को प्रभावशाली केंद्रीय अधिकारी के रूप में पेश करता था।

पुलिस के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के आधार पर आरोपी रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले ट्रेन में आरोपी से मुलाकात हुई थी। आरोपी ने स्वयं को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सहायक आयुक्त बताते हुए सरकारी नौकरी, ट्रांसफर और मनचाही पोस्टिंग दिलाने का भरोसा दिया और इसके बदले लाखों रुपये की मांग की।

जांच के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, सिविल लाइन और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी पहचान-पत्र का इस्तेमाल कर खुद को केंद्रीय अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेने और नौकरी, ट्रांसफर व पोस्टिंग के नाम पर ठगी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने छत्तीसगढ़ और बिहार के कई लोगों से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये वसूले। ठगी से मिली रकम से उसने महंगे मोबाइल, लैपटॉप और अन्य सामान खरीदे थे। उसे महंगी शॉपिंग का भी शौक था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने फर्जी आईडी कार्ड, विभिन्न दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, फर्जी सिम, क्रेडिट कार्ड संबंधी दस्तावेज, नगद राशि और वारदात में इस्तेमाल की गई कार जब्त की है। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच कर रही है तथा आरोपी से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *