कवर्धा। जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र स्थित ग्राम मंझोली में एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से युवक की मौत हो गई। खेत की फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए लगाए गए विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, खेत में लगी मक्के की फसल की सुरक्षा के लिए मेड़ पर बिजली प्रवाहित फेंसिंग तार लगाया गया था। इसी दौरान गांव निवासी रामभीषण किसी काम से खेत की ओर जा रहा था। जैसे ही उसका संपर्क करंट वाले तार से हुआ, उसे तेज बिजली का झटका लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पंडरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फसल को पशुओं से बचाने के उद्देश्य से खेत के चारों ओर करंट प्रवाहित तार लगाया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बिजली का अवैध उपयोग किसने किया और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कौन-सी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।