नक्सल मुक्त बस्तर के 100 दिन पूर्ण, डबल इंजन सरकार ने असंभव कार्य किया संभव : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

० बस्तर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का पूरा फोकस, विकास कार्यों की गति देने 5 जिलों का किया दौरा : डिप्टी सीएम अरुण साव

० आगामी 17 नगरीय निकायों के चुनावों में होगी भाजपा की जीत, ढाई साल में किए अनेक विकास कार्य : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज बस्तर में नक्सलवाद के सफाये के 100 दिन पूर्ण होने पर कहा कि, नक्सलवाद का ख़ात्मा एक असंभव सा दिखने वाला काम डबल इंजन सरकार ने कर दिखाया है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह  के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की प्रभावी रणनीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद के कारण बस्तर विकास की दौड़ में पीछे रह गया था। अब सरकार का लक्ष्य बस्तर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने योजनाबद्ध ढंग से काम किया जा रहा है।

श्री साव ने बताया कि उन्होंने हाल ही में बस्तर संभाग के 5 जिलों का दौरा किया। इस दौरान सड़क, पेयजल, पुल-पुलिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। सरकार तेजी से आधारभूत संरचना विकसित कर रही है, ताकि क्षेत्र के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।

उप मुख्यमंत्री साव ने नगरीय निकाय चुनावों को लेकर कहा कि दिसंबर-जनवरी में चुनाव प्रस्तावित हैं और चुनाव आयोग अपनी तैयारियां शुरू कर चुका है। भारतीय जनता पार्टी हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है। भाजपा सालभर जनता के बीच रहकर काम करने वाली पार्टी है।

श्री साव ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने बिना किसी भेदभाव के सभी नगरीय निकायों में विकास कार्य किए हैं। इसी विकास और जनता के विश्वास के आधार पर आगामी नगरीय निकाय चुनावों में भी भाजपा को व्यापक समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में शहरों का विकास प्रभावित हुआ, जबकि वर्तमान सरकार ने शहरों के सुव्यवस्थित और संतुलित विकास को प्राथमिकता दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *