बालोद कोतवाली से महिला आरोपी फरार, तीन पुलिसकर्मी निलंबित; तलाश में जुटीं विशेष टीमें

बालोद। जिले के कोतवाली थाना परिसर से पुलिस हिरासत में रखी गई एक महिला आरोपी के फरार होने की घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन आरक्षकों को निलंबित कर दिया है। वहीं फरार महिला की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों को सक्रिय कर व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक चोरी के एक मामले में गिरफ्तार महिला रेखा सोरी को पूछताछ के लिए कोतवाली थाना लाया गया था। पूछताछ के दौरान मौका मिलते ही वह पुलिस की निगरानी से निकलकर थाने से फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई।

जांच के दौरान ड्यूटी में गंभीर लापरवाही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने आरक्षक शिव कुमार ध्रुव, पूर्णिमा ठाकुर और उमेश निषाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभागीय स्तर पर भी मामले की विस्तृत जांच जारी है।

एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि फरार महिला की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है, जबकि पड़ोसी जिलों की पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है। महिला आरोपी के खिलाफ पुलिस हिरासत से फरार होने का एक नया प्रकरण भी दर्ज किया गया है। घटना के बाद जिले के सभी थानों में हिरासत में रखे जाने वाले आरोपियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि फरार महिला की जल्द गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *