0 अब तक 9 वारदातों को अंजाम दे चुका है बदमाश
0 छीन लेता था महिलाओं के पर्स और बैग, ढाई लाख का माल बरामद
जगदलपुर। नगर और आसपास के इलाकों में आतंक मचा रखे शातिर नकाबपोश झपटमार को पुलिस ने आखिरकार पकड़ ही लिया। यह शातिर बदमाश छीनतई और झपटमारी के 9 वरदातों को अंजाम दे चुका है। आरोपी से ढाई लाख का माल बरामद किया गया है।
मारडुम थाना क्षेत्र के ग्राम कुथर निवासी 19 वर्षीय झपटमार राजमन यादव पिता संपत यादव सुनसान और अंधेरे रास्तों से हाथों में बैग व पर्स लेकर गुजरने वाली युवतियों तथा महिलाओं को निशाना बनाता था। वह पीछे से बाइक में तेजी से आता और झपटमारी कर रफू चक्कर हो जाता था। बैग व पर्स में रखे पैसे, मोबाईल फोन एवं आभूषणों को निकाल कर बैग व पर्स को फेंक देता था। अगर मोबाईल फोन साधारण व सस्ता होता तो, उसे भी फेंक देता था। लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम अलर्ट मोड पर थी। जगदलपुर के धरमपुरा कालीपुर के पास हुए आखिरी झपटमारी के तत्काल बाद आरोपी को घेराबंदी कर कर पकड़ लिया गया। बताया गया है कि आरोपी राजमन यादव दोस्तों के साथ घूमने जाने के लिए झपटमारी कर रुपए इकट्ठा कर रहा था। आरोपी से झपटमारी के 8 बैग, 3 मोबाइल फोन तथा सोने और चांदी के आभूषण सहित लगभग ढाई लाख रुपए का सामान बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। ज्ञात हो कि थाना कोतवाली में साकेत कॉलोनी निवासी प्रार्थिया रश्मि केशरवानी पति स्व. मनोज केशरवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 जून को वह अपनी बेटी के साथ दंतेश्वरी मंदिर दर्शन करने गई थी। इसी दौरान सिरहासार चौक के पास पीछे एक मोटर साइकिल से पहुंचे नकाबपोश बदमाश उसका पर्स छीन कर भाग गया। थाना कोतवाली में मामला पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश की जा रहा थी। इसी बीच 2 जुलाई को भी घर संसार, लालबाग के पास फिर झपटमारी की वारदात हो गई। फिर 5 जुलाई को धरमपुरा कालीपुर अटल आवास के पास शाम करीब 4.45 बजे उसी पैटर्न पर मोटर साइकिल से आए नकाबपोश बदमाश ने एक महिला का पर्स छीन लिया। पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के दिशानिर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में नगर निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में आरोपी को पूरे शहर में मुखबिर एवं प्रत्येक संवेदनशील जगहों पर टीम लगाकर आरोपी की तलाश शुरू की गई। 6 जुलाई को दोपहर में एक नाकापोश व्यक्ति को दलपत सागर तरफ से पावर हाउस चौक की ओर आते समय पकड़ लिया गया। नकाबपोश के हुलिया को प्रार्थियों से वेरिफाई करवाया गया।आरोपी के पिट्ठू बैग में मिले पैसे तथा अन्य के नाम के एटीएम कार्ड के आधार पर आरोपी से बारीकी से पूछताछ की गई। आरोपी ने अब तक कोतवाली थाना क्षेत्र में 5 और बोधघाट थाना क्षेत्र में 4 समेत कुल 9 जगहों पर झपटमारी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर झपटमारी के 8 बैग, 3 मोबाइल फोन, लगभग 02 लाख के सोने चांदी के जेवर , एटीम कार्ड्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, सील, ड्राइविंग लाइसेंस, 800 रुपए नगद जप्त किए गए हैं। इस शातिर झपटमार को पकड़ने में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक प्रमोद ठाकुर व अरुण मरकाम, पीएसआई भूपेंद्र पैकरा, रानी सोनी, अफ साना, सहायक उप निरीक्षक बिजेंदर सिंह, परिमल दास, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने, राजेश राजपूत, राजू टोप्पो आरक्षक सोनू गौतम, प्रदीप, हेमचंद, महेंद्र पटेल, मंहगू कश्यप, धर्मेंद्र सिंह, कृष्णा नेताम, रंगलाल खरे, अमर सिंह बेसरा, धनेश्वर यादव, तरुण कुमार यादव, रीना अनंत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।