रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित थ्री डी फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री के संचालन पर तत्काल रोक लगा दी है। हादसे में तीन मजदूरों की मौत के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है, जबकि मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, फैक्ट्री में फेरो अलॉय का उत्पादन किया जाता था। मंगलवार शाम करीब 6 बजे फेरो अलॉय डिवीजन के फर्नेस में लान्सिंग के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हादसे के बाद फैक्ट्री को तत्काल बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराया गया है और भविष्य में औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन, श्रम विभाग और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच में जुटी हैं। सरकार ने संकेत दिए हैं कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा भी की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।