मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा जिला कार्यालय ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन’ का भूमिपूजन कर रखी आधारशिला

0 आधुनिक एवं सुविधायुक्त कार्यालय संगठन की मजबूती का बनेगा आधार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0 ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने आम का पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने एक दिवसीय सक्ती जिला प्रवास के दौरान ग्राम जेठा में भाजपा जिला कार्यालय ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन’ का विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन कर आधारशिला रखी। लगभग 1.5 एकड़ क्षेत्र में बनने वाला यह भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसके निर्माण से क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी। भूमिपूजन के पश्चात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा कार्यालय प्रांगण में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती के लिए आधुनिक एवं सुविधायुक्त कार्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कार्यालय केवल बैठकों और प्रशासनिक कार्यों का केंद्र नहीं होता, बल्कि यह कार्यकर्ताओं के समन्वय, संवाद तथा संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन का प्रमुख माध्यम भी होता है। उन्होंने कहा कि नवीन जिला कार्यालय के निर्माण से संगठनात्मक कार्यों को नई गति मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिले में हो रही वर्षा शुभ संकेत है। शुभ कार्य के अवसर पर हुई वर्षा जिले में खुशहाली, समृद्धि और विकास का संदेश लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि वर्षा किसानों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था तथा जनजीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे जिले के सर्वांगीण विकास को भी बल मिलेगा।

मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि यह नवीन कार्यालय संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ जनसेवा एवं जनसंपर्क गतिविधियों को भी प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि नवीन जिला कार्यालय के निर्माण से संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय संगठन और जनसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत सक्ती की अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *