

० मंत्री केदार कश्यप व सांसद महेश कश्यप ने किया डिजिटल शिक्षा का शुभारंभ, 1.12 करोड़ के स्कूल भवन का लोकार्पण
बस्तर। विकासखंड बस्तर का खंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भानपुरी में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप रहे, जबकि अध्यक्षता बस्तर सांसद महेश कश्यप ने की।
विद्यालय परिसर को रंगोली, स्वागत द्वार, प्रेरणादायी संदेशों और फूलों से सजाया गया था। नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक रीति से तिलक लगाकर, आरती उतारकर एवं मुंह मीठा कराते हुए आत्मीय स्वागत किया गया। मंत्री और सांसद ने बच्चों को स्कूल बैग, पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस स्वागत से बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह का संचार हुआ। पालकों ने भी बच्चों को नियमित स्कूल भेजने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की ग्रामीण मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को परिश्रम और अनुशासन के लिए प्रेरित किया।
इसी दौरान प्राथमिक शालाओं में स्मार्ट टीवी के माध्यम से डिजिटल शिक्षण की पहल का शुभारंभ किया गया। उल्लेखनीय है कि विकासखंड के अनेक शिक्षकों ने स्वप्रयास से विद्यालयों के लिए स्मार्ट टीवी क्रय किए हैं। जनप्रतिनिधियों ने इस नवाचार को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बनियागांव में 112.80 लाख रुपये की लागत से निर्मित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण भी किया गया। नए भवन से विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आज शिक्षा के साथ तकनीक का उपयोग अनिवार्य है। विद्यार्थी डिजिटल माध्यमों से अध्ययन कर प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने शिक्षकों से आधुनिक शिक्षण पद्धति अपनाने का आह्वान किया। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उनकी प्रतिभा को पहचानकर सही दिशा देने की है। शिक्षक हर बच्चे की रुचि एवं क्षमता को पहचानकर उसे विकसित करें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जिला पंचायत सदस्य शकुंतला कश्यप, जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल, बीईओ भारती देवांगन, एबीईओ सुशील तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, पालक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन न्योता भोज के साथ हुआ।