0 कोटवार को हटाने एसडीएम से लगाई गुहार
बकावंड। अनुविभाग बकावंड की करपावंड क्षेत्र के ग्राम पोटियावंड के ग्रामीणों में ग्राम कोटवार राजाराम की कार्यशैली को लेकर भारी नाराजगी फैल गई है। इसे लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने मंगलवार को करपावंड तहसील कार्यालय का घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन के बाद तहसीलदार और एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंप कर कोटवार को तुरंत हटाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि कोटवार अपने कर्तव्यों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रहा है, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि कोटवार द्वारा गांव के नागरिकों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है तथा शासकीय कार्यों में भी लापरवाही बरती जा रही है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कोटवार को तत्काल पद से हटाया जाए तथा गांव में जिम्मेदार और सक्रिय व्यक्ति की नियुक्ति की जाए, ताकि ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं और प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल प्रशासन ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।