
० जल संरक्षण के लिए स्वतः पहल करेंगे ग्रामीण
बकावंड। बस्तर जिले के विकासखंड बकावंड अंतर्गत ग्राम जैतगिरी, सरगीपाल, गिरोला, डुरकाबेड़ा और बदलावंड में जल अर्पण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जल संरक्षण एवं पानी बचाओ अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए डबरी एवं तालाब निर्माण करने तथा जल संसाधनों के संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। इनमें पेयजल स्रोतों के आसपास सोख्ता गड्ढों का निर्माण, घरों में उपयोग किए गए पानी का साग-सब्जी की बाड़ी में पुनः उपयोग तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने जैसे कदम शामिल रहे। इस अवसर पर महिला जल वाहिनी की सदस्य महिलाओं ने जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। वहीं ग्रामीणों के साथ मिलकर जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से पानी बचाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया। इस मौके पर जल जीवन मिशन की आईईसी ज्योत्सना सूना ने ग्रामीणों को जल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, शुद्ध पेयजल के महत्व को समझने, जल संसाधनों की सुरक्षा करने, नियमित जल कर भुगतान करने, सोख्ता गड्ढों और किचन गार्डन की उपयोगिता तथा स्थानीय स्तर पर पौधरोपण कर उनकी देखरेख करने जैसे विषयों पर समझाइश दी। साथ ही ग्रामीणों को इन कार्यों में निरंतर सकारात्मक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में उक्त सभी पांचों ग्रामों के सरपंच, पंचायत पदाधिकारी, महिला जल वाहिनी की सदस्य महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सामुदायिक सहभागिता के साथ आयोजित यह पहल जल संरक्षण के प्रति ग्रामीणों की जागरूकता और जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण के रूप में परिलक्षित हुई।