
0 पवन के पिता अनिल सिद्धू को दी श्रद्धांजलि
सुकमा। छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री एवं सुकमा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप रविवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा कोंटा मंडल अध्यक्ष पवन सिद्धू के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने पवन सिद्धू के दिवंगत पिता अनिल कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मंत्री केदार कश्यप ने स्वर्गीय अनिल कुमार के व्यक्तित्व और उनके सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए शोक संतप्त परिवार से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने परिवार के सदस्यों का कुशलक्षेम जाना और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। मंत्री ने कहा कि स्वर्गीय अनिल कुमार का स्नेह, सरल स्वभाव और समाज के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके बताए आदर्श और जीवन मूल्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
इस दौरान मंत्री केदार कश्यप कुछ समय तक परिवारजनों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं के साथ बैठे रहे। उन्होंने सहज वातावरण में चर्चा की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा का माहौल पूरी तरह श्रद्धा, संवेदना और आत्मीयता से ओतप्रोत रहा।