० जोन महाप्रबंधक को कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
दल्ली राजहरा। आज दोपहर दल्ली राजहरा रेलवे स्टेशन में बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरूण प्रकाश का आगमन हुआ। मंडल कांग्रेस कमेटी उत्तर क्षेत्र दल्ली राजहरा के प्रतिनिधि मंडल द्वारा नगर की जनता के हित में मांग पत्र जोन महाप्रबंधक को सौंपा गया।
मांग पत्र में दल्ली राजहरा से बिलासपुर तक सीधी ट्रेन सेवा प्रारंभ करने जाए,ताकि नगर की जनता को बिलासपुर हाईकोर्ट और छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े रेल जोन मुख्यालय का सीधा लाभ मिल सके। कहा गया है कि दल्ली राजहरा से रेलवे को सबसे ज्यादा राजस्व प्राप्त होता है अतः अविलंब दल्ली राजहरा से बिलासपुर तक सीधी ट्रेन सेवा प्रारंभ की जाए। सप्ताह में तीन दिन चलने वाली डेमू पैसेंजर को नियमित सातों दिन तक चलाने, दुर्ग से सुबह 7 बजे छूटने वाली साऊथ बिहार एक्सप्रेस ट्रेन को दल्ली राजहरा से सुबह 5.50 बजे छूटने वाली डेमू ट्रेन से लिंक करने की मांग की गई है। इसके पीछे तर्क दिया गया है कि टाटा नगर झारखंड और बिहार जाने वाले यात्रियों को साऊथ बिहार एक्सप्रेस ट्रेन का लाभ और सुविधा मिलेगी। जोन महाप्रबंधक को यह मांग पत्र उत्तर मंडल अध्यक्ष विवेक मसीह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर, पूर्व जिला संयुक्त महामंत्री विजय जोगदंड, सेक्टर अध्यक्ष एवं पूर्व एल्डरमैन प्रमोद तिवारी, मंडल उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार बबलू, मंडल महामंत्री सुरेश कुमार ठाकुर द्वारा सौंपा गया। जोन महाप्रबंधक तरूण प्रकाश द्वारा मांगों को गंभीरता पूर्वक स्वीकार करते हुए संज्ञान में लेने और तत्काल जोन महाप्रबंधक के साथ में आए रायपुर डीआरएम दयानंद को शीघ्र तीनों मांग को अमल कराने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और रेलवे के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।