स्कूल में शिक्षक का शराब सेवन वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने जांच के दिए आदेश

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पंडरिया विकासखंड अंतर्गत सुदूर वनांचल ग्राम तेलियापानी लेदरा स्थित एक शासकीय स्कूल से शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षक का स्कूल परिसर में शराब का सेवन करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना कथित तौर पर स्कूल संचालन समय के दौरान की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में एक शिक्षक को स्कूल के एक कमरे के भीतर शराब पीते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में कमरे के अंदर शराब की बोतलें और खाने के पैकेट भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों के बीच इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल जैसे पवित्र और अनुशासित स्थान पर इस तरह की गतिविधि बेहद आपत्तिजनक है और इससे बच्चों पर गलत संदेश जाता है।

मामले के वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने तुरंत संज्ञान लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एफ.आर. वर्मा ने संबंधित प्रधान पाठक से तत्काल विस्तृत प्रतिवेदन तलब किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि वायरल वीडियो वास्तविक है या किसी अन्य स्थान का है। डीईओ ने कहा कि जांच में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि घटना स्कूल परिसर के भीतर स्कूल समय में हुई है या नहीं। उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि जांच पूरी होने के बाद नियमों के तहत संबंधित शिक्षक के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *