ESIC अस्पताल के पास तालाब किनारे मिला विकसित भ्रूण, इलाके में हड़कंप

रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत रावाभाठा स्थित हृदयलाल चौक के पास उस समय सनसनी फैल गई जब ESIC अस्पताल के समीप तालाब किनारे एक विकसित भ्रूण मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए, जिससे क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर भ्रूण मिलने की यह दूसरी घटना है, जिससे आसपास के नागरिकों में गंभीर चिंता का माहौल है। लोगों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भ्रूण को यहां लाकर फेंका गया होगा।

सूचना मिलने पर खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रूण यहां किसने और कैसे पहुंचाया।

स्थानीय नागरिकों ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है और इस पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *