भाजपा नेता की निर्मम हत्या मामले में बड़ा अपडेट: मुख्य आरोपी समेत चार ने किया आत्मसमर्पण, कुल 8 गिरफ्तार

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत कटगोड़ी गांव में भाजपा नेता की निर्मम हत्या मामले में बड़ा विकास सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी सहित चार आरोपियों ने आज मनेंद्रगढ़ कोतवाली में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर बैकुंठपुर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वालों में मनोज त्रिपाठी (मुख्य आरोपी), अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी शामिल हैं। इससे पहले पुलिस इस मामले में अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को गिरफ्तार कर चुकी थी। इस तरह अब तक कुल आठ आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।

यह घटना 16 जून की रात को हुई थी, जब भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई थी। इस दर्दनाक घटना में लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनके दो साथी वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू और नागेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह घटना लंबे समय से चल रहे रेत उत्खनन विवाद से जुड़ी हुई है। दोनों पक्षों के बीच क्षेत्र में अवैध रेत खनन को लेकर तनाव बना हुआ था। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले मृतक पक्ष के एक रिश्तेदार और आरोपियों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

इसके बाद आरोपियों ने सुलह का बहाना बनाकर लल्ला सिंह को गांव बुलाया। जैसे ही वे अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे, पहले से घात लगाए आरोपियों ने उनकी फॉर्च्यूनर कार पर टिपर वाहन से हमला कर दिया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इसके बाद आरोपियों ने कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग से बचने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को आरोपियों ने पकड़कर दोबारा जलती कार में धकेल दिया और मारपीट भी की। इस घटना को अत्यंत क्रूर और सुनियोजित हमला बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है और फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *