बलौदा- बाजार। जिले में एक दर्दनाक हादसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जब उनके ऊपर बिजली का खंभा गिर गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
मृतका की पहचान पूर्णिमा वर्मा के रूप में हुई है, जो पेशे से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं। जानकारी के मुताबिक, पूर्णिमा वर्मा सब्जी खरीदने के लिए कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बाजार आई थीं। इसी दौरान अचानक बिजली का खंभा गिर गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कोतवाली के प्रधान आरक्षक रामकृष्ण पटेल ने बताया कि घटना स्थल के पास पेड़ कटाई का काम चल रहा था, ऐसे में आशंका है कि कार्य के दौरान खंभा गिरा होगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।