महादेव घाट के उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का महापौर संजय पांडे ने किया निरीक्षण

० अधिकारियों को दिए कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश
०  डेढ़ करोड़ की लागत से संवरेगा महादेव घाट, विधायक किरण देव ने किया था भूमिपूजन 
जगदलपुर। मानसून से पूर्व जगदलपुर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को लेकर महापौर संजय पांडे संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल में से एक महादेव घाट का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

महापौर संजय पांडे ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि महादेव घाट के विकास कार्यों को तय कार्ययोजना के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र प्रारंभ किया जाए।महादेव घाट में निर्माण कार्यों में घाट निर्माण, सुरक्षा के लिए टो वॉल निर्माण, आवागमन की सुविधा हेतु पेवल ब्लॉक बिछाने, श्रद्धालुओं के बैठने के लिए चबूतरा निर्माण तथा सुरक्षा की दृष्टि से एसएस रेलिंग लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक शौचालय निर्माण सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए कार्य किए जाएंगे। इस दौरान महापौर संजय पांडे ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं दीर्घकालिक उपयोगिता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि महादेव घाट जगदलपुर में श्रद्धा का एक बड़ा केंद्र है इसका विकास आध्यात्मिक केंद्र के रूप में किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान महापौर संजय पांडे ने बताया कि महादेव घाट में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हाई मास्ट लाइट एवं आकर्षक डेकोरेटिव लाइट्स लगाए किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था से क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ेगी तथा घाट का सौंदर्य भी निखरेगा। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं महिलाओं ने भी घाट क्षेत्र के विकास से संबंधित सुझाव दिए। नागरिकों ने सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं बैठने की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। मेयर श्री पांडे ने कहा कि स्थानीय नागरिकों के सुझावों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों में शामिल किया जाएगा, जिससे महादेव घाट को शहर के एक आदर्श धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, त्रिवेणी रंधारी एवं संग्राम सिंह राणा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, इंजीनियर दिलीप मरकाम तथा ठेकेदार अशोक पांडे, स्थानीय निवासी ललिता जंगम, मोनालिसा श्रीवास्तव, निर्मला दास, रोहिणी यादव, विंध्यवासिनी प्रजापति, जमुना ध्रुव, मनीषा प्रजापति, सावित्री जंगम एवं कंचन जंगम सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *