० आकर्षक एवं भव्य होगा प्रवीर वार्ड का मुक्तिधाम
जगदलपुर। शहर के प्रवीर वार्ड स्थित मुक्तिधाम एवं भगत सिंह वार्ड के उद्यान के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों को लेकर महापौर, निगम अध्यक्ष एवं आयुक्त द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। मुक्तिधाम में आने वाले शोकाकुल परिवारों एवं अन्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर परिसर में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा, मार्गों के उन्नयन तथा हरित वातावरण विकसित करने जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई। साथ ही भगत सिंह वार्ड के भंगाराम स्थित उद्यान में सोलर लाईट का निरीक्षण किया गया तथा मंदिर समिति द्वारा एक बाथरुम बनाने की मांग की गई। यहां शासन की योजना के तहत सियान सदन भी बनाया जा रहा है। उद्यान को अधिक आकर्षक, स्वच्छ एवं जनसुविधा युक्त बनाने के लिए आवश्यक एवं मूलभूत कार्यो तथा सौंदर्यीकरण कार्य कराने के संबंध निर्णय लिया गया। उद्यान के दूसरी तरफ बस्तर क्लब में नव निर्मित बाॅक्स क्रिकेट का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान महापौर संजय पांडेय ने कहा कि सौंदर्यीकरण तथा विकास कार्यों से शहर के निवासियों को अधिकतम सुविधाएं प्राप्त हों, इसके लिए आवश्यक कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे। साथ ही स्थल को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के लिए व्यापक स्तर पर सौंदर्यीकरण कार्य भी किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, नगर निगम के कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, इंजीनियर दीपांशु देवांगन, प्रवीण पोयम, अशोक कुमार पांडे एवं चेरपा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।