नक्सलियों का डंप बरामद, कुकर आईईडी समेत हथियार और विस्फोटक जब्त

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के डडईपानी जंगल में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियार और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 31 मार्च को नक्सलमुक्ति की घोषणा के बाद भी सुरक्षा बलों द्वारा जंगलों में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही और खुफिया सूचनाओं के आधार पर नक्सलियों के पुराने ठिकानों और डंप स्थलों की तलाश की जा रही है।

इसी क्रम में सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने डडईपानी के जंगल में सर्चिंग के दौरान छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद की। जब्त सामान में 4 किलोग्राम का प्रेशर कुकर, 5 किलोग्राम का कुकर आईईडी, एक भरमार रायफल, रायफल की मैगजीन, यूबीजीएल (UBGL) राउंड तथा पटाखा सामग्री शामिल है।

सुरक्षाबलों ने सभी बरामद सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं विस्फोटक खतरे को देखते हुए कुकर आईईडी को मौके पर ही सुरक्षा मानकों के तहत निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा और नक्सलियों के छिपाए गए हथियारों तथा विस्फोटक सामग्री को खोजने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा। इस कार्रवाई को नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *