10 करोड़ का गांजा बरामद! बलरामपुर पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई

बलरामपुर। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक को अंजाम दिया है। बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद करते हुए करीब 1941.110 किलोग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह खेप ओडिशा के सोनपुर से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। तस्करों ने ट्रक (RJ 14 GU 9078) में गांजा छिपाकर रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए तस्करी की योजना बनाई थी। लेकिन मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकेबंदी कर शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे संदिग्ध ट्रक को रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस टीम के होश उड़ गए, जब ट्रक में बड़ी मात्रा में बोरियों में पैक किया हुआ गांजा बरामद हुआ। मौके पर साइबर सेल की टीम भी मौजूद रही और पूरी कार्रवाई की निगरानी की गई।

पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान लोकेश शर्मा और आमिर अंसारी के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से तस्करी नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

जांच में यह सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अंतर्राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त हो सकते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस बड़े नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा यह खेप किन-किन राज्यों से होकर गुजरती थी।

पुलिस ने ट्रक और पूरी खेप को जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।

बलरामपुर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ अब तक की बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और जांच अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *