20 साल पुरानी मांग पूरी: पंडरी तराई तालाब का होगा कायाकल्प, गहरीकरण व सौंदर्यीकरण कार्य शुरू

जगदलपुर। नगर निगम जगदलपुर द्वारा शहर से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जल संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 35 छत्रपति शिवाजी वार्ड स्थित पंडरी तराई तालाब के जीर्णोद्धार, गहरीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। वर्षों से उपेक्षित पड़े इस तालाब के पुनर्जीवन से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

 

जानकारी के अनुसार पंडरी तराई तालाब कभी क्षेत्र का प्रमुख जलस्रोत हुआ करता था, जहां वर्षा जल संग्रहित कर ग्रामीणों की आवश्यकताओं की पूर्ति की जाती थी। समय के साथ तालाब की स्थिति खराब होती गई और इसका जलभराव क्षेत्र भी लगातार कम होता गया। स्थानीय ग्रामीणों और वार्ड पार्षद श्यामसुंदर बघेल द्वारा लंबे समय से तालाब के संरक्षण और विकास की मांग की जा रही थी।

नगर निगम के अनुसार महापौर संजय पांडे के मार्गदर्शन में तालाब का गहरीकरण, तटबंध निर्माण तथा सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। वर्तमान में तालाब के मध्य भाग में लगभग आठ फीट तक गहरीकरण किया जा रहा है, जबकि चारों ओर मजबूत तटबंध बनाए जा रहे हैं, ताकि वर्षभर जल संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

बताया जाता है कि स्कूलपारा, बादलपारा और पटेलपारा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग पिछले लगभग 20 वर्षों से तालाब के जीर्णोद्धार की मांग कर रहे थे। निर्माण कार्य ठेकेदार अशोक पांडे द्वारा नगर निगम की निगरानी में किया जा रहा है।

वार्ड पार्षद श्यामसुंदर बघेल ने बताया कि तालाब में पहले सीमित मात्रा में पानी ठहर पाता था, लेकिन गहरीकरण के बाद इसकी जल संग्रहण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद यह तालाब जल संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

स्थानीय नागरिकों का मानना है कि तालाब के पुनर्जीवन से भूजल स्तर में सुधार होगा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र का समग्र विकास होगा। नगर निगम की इस पहल को ग्रामीण और शहरी विकास की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *