फिर दिखा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के युवा जोश का जलवा, जहां बैठे थे धरने पर, वहां जीते कांग्रेस के 8 पार्षद

0 शिवनंदनपुर नगर पंचायत में लहराया कांग्रेस का परचम 
0 बस्तर समेत समूचे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का परचम 
(अर्जुन झा) जगदलपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटीके युवा अध्यक्ष दीपक बैज के युवा जोश का जलवा एकबार फिर देखने को मिला है।सरगुजा में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने बड़ा कमाल कर दिखाया है। सरगुजा की नवगठित शिवनंदनपुर नगर पंचायत में कांग्रेस के आठ उम्मीदवार पार्षद चुनकर आए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के गृहनगर जगदलपुर के इंदिरा वार्ड के उप चुनाव में भी कांग्रेस ने झंडा गाड़ दिया है।
सरगुजा जिले की नई बनी नगर पंचायत शिवनंदनपुर में ऐन चुनाव के बीच एक बड़ा राजनैतिक बखेड़ा खड़ा हो गया था। वहां कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ पुलिस ने आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा के दबाव में आकर पुलिस ने कांग्रेस के जिला पदाधिकारी के खिलाफ यह कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ की आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं पर होने वाली ज़्यादती तथा जन समस्याओं को लेकर हमेशा संघर्ष करते रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने विश्रामपुर शिवनंदनपुर के जिला पदाधिकारी पर केस दर्ज होने के मामले में भी मोर्चा खोल दिया था। जानकारी मिलते ही दीपक बैज बिना समय जाया किए तुरंत विश्रामपुर पहुंच गए थे। पुलिस कार्रवाई के विरोध में श्री बैज कार्यकर्ताओं के साथ थाने के सामने ही धरने पर बैठ गए थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज इस कदर आक्रोशित हो चले थे कि उन्होंने थाने से ही शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव संचालन की घोषणा कर दी थी। दीपक बैज के इस तेवर को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव बाबा भी विश्रामपुर पहुंच गए थे। कांग्रेस के कड़े तेवर के आगे सरकार को झुकना पड़ा और आर्म्स एक्ट का मामला रद्द कर दिया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के इस कदम से विश्रामपुर और शिवनंदनपुर रातों रात समूचे छत्तीसगढ़ और नई दिल्ली तक सुर्खियों में आ गए। शिवनंदनपुर नगर पंचायत में हुए चुनाव के नतीजे आज घोषित किए गए। यहां 15 वार्डों में से 8 वार्डों में कांग्रेस के पार्षद चुनकर आए हैं। हालांकि यहां कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर लिया है, मगर अध्यक्ष पद कांग्रेस की स्थानीय स्तर की गुटबाजी की भेंट चढ़ गया। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा लगातार पूरे प्रदेश में कांग्रेस नेताओं के साथ मिलकर किए गए धरना आंदोलन और की गई पदयात्राओं के चलते आम लोगों के बीच कांग्रेस के प्रति जो विश्वास पैदा हुआ है, उसी ही परिणाम स्वरूप आज नतीजे कांग्रेस के पक्ष में आए और कांग्रेस की बड़ी जीत हुई है। कांग्रेस की यह जीत युवा प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और उनके साथियों की जीत है जो लगातार लोगों से जुड़े रहे और उन्होंने जनता के हित में कार्य करते रहे हैं। इसी तरह जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में पार्षद पद के लिए हुए उप चुनाव में कांग्रेस के रामकृष्ण तिवारी की बड़ी जीत हुई है। बता दें कि जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक किरण सिंह देव का गृह क्षेत्र है।

बैज के नेतृत्व की स्वीकार्यता
भाजपा की सरकार रहने के बावजूद प्रदेश के नगरीय निकायों के चुनावों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया है। गौरतलब है कि पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में पार्टी लगातार जनहित में आंदोलन और पदयात्रा कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाती और जनता का भरोसा जीतती आ रही है। यही वजह है कि प्रदेश के ज्यादातर नगरीय निकायों में कांग्रेस ने अपना दबदबा बना लिया है। यह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में दीपक बैज के प्रति जन स्वीकार्यता को दर्शाता है। बता दें कि जगदलपुर के एक वार्ड के उप चुनाव के साथ ही बस्तर के पखांजुर चारामा और फरसगांव नगरीय निकायों में भी कांग्रेस की बंपर जीत हुई है। यह जीत बस्तर के आदिवासी पुत्र दीपक बैज और कांग्रेस के समर्पित एवं मेहनती कार्यकर्ताओं के श्रम की जीत है। राज्य में भाजपा की सरकार रहते हुए भी कांग्रेस को मिली ऐतिहासिक जीत नए राजनीतिक समीकरण बनने की ओर इंगित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *