० मामला संज्ञान में आते ही रेंजर रजक ने की त्वरित कार्रवाई
० पांच लोगों पर वन अधिनियम के तहत दर्ज किया गया मामला
(अर्जुन झा)बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत मैलबेड़ा के जंगल में हुई पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में वन विभाग के क्षेत्रीय रेंजर सौरभ रजक ने शानदार एक्शन लिया है। मामले में पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है। चार आरोपी उड़ीसा के हैं और एक मोखागांव का निवासी है। रेंजर सौरभ रजक की इस कार्रवाई की स्थानीय ग्रामीण जमकर तारीफ कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले लगभग एक महीने से उड़ीसा के चार लोग मैलबेड़ा के जंगल में लगातार पेड़ों की अवैध कटाई कर रहे थे। इस अवैध कटाई में करपावंड और सोनपुर क्षेत्र के भी कुछ लोग मदद कर रहे थे। ये लोग जंगलों से काटे गए पेड़ों की चिरान बना कर तस्करी कर रहे थे। ग्रामीणों की शिकायत के बाद वन विभाग के एक कर्मी ने लकड़ी काटने में उपयोग किए जा रहे आरा को जप्त कर लिया था। हमारे समाचार पत्र ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मामला संज्ञान में आते ही क्षेत्रीय रेंजर सौरभ रजक तुरंत एक्शन मोड में आ गए। उन्होंने अपनी टीम के साथ मौका मुआयना किया और काटे गए पेड़ों का पंचनामा बनाया। श्री रजक ने जांच पड़ताल कर जंगल माफियाओं को चिन्हित किया और उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया। नामजद आरोपियों में नकुल पिता महादेव भतरा, जलंधर पिता रामधर भतरा, सोनाधर पिता रामधर भतरा एवं बालचंद पिता बुधराम भतरा और अर्जुन पिता गंगाधर परजा शामिल हैं। अर्जुन परजा करपावंड थाना क्षेत्र के मोखागांव का निवासी है। बाकी चारों आरोपी उड़ीसा के सिंगसारी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत कनकी के निवासी हैं। पहले क्षेत्र के जो ग्रामीण इस अवैध कटाई को लेकर नाराज चल रहे थे, वे अब रेंजर सौरभ रजक द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से बेहद खुश हैं। ग्रामीणों ने रेंजर श्री रजग की जमकर तारीफ करते हुए उनसे इसी तरह की सजगता की अपेक्षा की है।