बस्तर सामाजिक जन विकास समिति ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, किए जनसेवा के कार्य

0  संस्था के 26वें स्थापना दिवस पर रंधारीरास गांव में लगाया विशाल कैंप
जगदलपुर। बस्तर सामाजिक जन विकास समिति द्वारा 30 मई को विकासखंड जगदलपुर की ग्राम पंचायत नेतानार अंतर्गत रंधारीरास में संस्था का 26वां स्थापना दिवस जनसेवा गतिविधियों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम संस्था के सचिव डॉ. सुशील कुमार पांडेय एवं कोषाध्यक्ष बी. नागेश के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। स्थापना दिवस समारोह का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जनसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सहयोग को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, संस्था के पदाधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। इस अवसर पर जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच साड़ी, लुंगी एवं चप्पलों का निःशुल्क वितरण किया गया। साथ ही एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की व्यवस्था की गई।
स्वास्थ्य शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बस्तर डॉ. संजय बसाक, डीटीओvडॉ. सी. मैत्री, डॉ. संजय वर्मा तथा डॉ. नारायण दास पंथ सहित चिकित्सकों की टीम ने बड़ी संख्या में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में चर्म रोग, उच्च रक्तचाप, आर्थराइटिस, मलेरिया, हाइपर एसिडिटी, एनीमिया सहित अन्य सामान्य एवं जटिल बीमारियों की जांच कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता, पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं समय पर उपचार के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। वहीं सभी उपस्थित ग्रामीणों के लिए सामूहिक प्रेम भोज का आयोजन भी किया गया, जिससे सामाजिक समरसता एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा मिला। संस्था की विभिन्न परियोजनाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सभी ने समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की सफलता में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय समुदाय एवं संस्था के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *