सत्ता और संगठन दोनों ने झोंकी ताकत, फिर भी भाजपा को मिलेगी उप चुनाव में करारी हार : जावेद खान

0 इंदिरा वार्ड के उप चुनाव जीत कर कांग्रेस तोड़ेगी भाजपा के सारे भ्रम 
0 कांग्रेसियों की एकजुटता से जीत सुनिश्चित : खान 

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता जावेद खान ने जगदलपुर के इंदिरा वार्ड के उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत का प्रबल दावा करते हुए कहा है कि भाजपा ने इस उप चुनाव में सत्ता और संगठन दोनों को ही झोंक डाला, बावजूद भाजपा जीत से कोसों दूर है। इस उप चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
जावेद खान ने कहा है कि भाजपा प्रत्याशी मनोहर दत्त तिवारी उप चुनाव नहीं जीत पाएंगे। इसकी सबसे बड़ी वजह सरकार बनने के बाद से केवल मोदी जी के “मन की बात” जनता को सुना रहे भाजपाई जनता के “मन की बात” सुनने तैयार नहीं हैं।वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी को जिता कर नगर निगम पहुंचाने कांग्रेसियों की एकजुटता, चुनावी रणनीति और मजबूत विपक्ष की भूमिका कारगर साबित होगी। जावेद ने कहा है कि भाजपा की सरकार प्रदेश में पिछले ढाई साल से है और निगम में भाजपा पिछले एक वर्ष से ज्यादा समय से काबिज है बावजूद एक वार्ड के उप चुनाव में राजा-महाराजा से लेकर मंत्री-संतरी तक को उतारना पड़ गया भाजपा को। यह दर्शाता है कि इन ढाई सालों में भाजपा जनता से कोसो दूर रही है और धरातल पर जनता के लिए भाजपा सरकार ने कुछ किया नहीं है। जिसके चलते एड़ी-चोटी का जोर लगाने के बावजूद भी जनता ने इन्हें अस्वीकार कर दिया है,अब जनता का मोह भाजपा के जनप्रतिनिधियों से पूरी तरह भंग हो चुका है जिसके परिणामस्वरूप भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। जनता के आशिर्वाद से कांग्रेस पार्टी आगामी 4 जून को भाजपा के सारे भ्रम तोड़ देगी और जनता के विश्वास पर खरी उतरते हुए रामकृष्ण तिवारी को निगम में इंदिरा वार्ड की सेवा का अवसर प्रदान करेगी तथा कांग्रेस की तीन दशकों से काबिज रही इंदिरा वार्ड में एक बार फिर जीत का परचम लहरा कर अपना कब्जा बनाए रखने में सफल साबित होगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य, प्रभारी द्वय पूर्व क्रेडा अध्यक्ष मिथलेश स्वर्णकार और पूर्व विधायक रेखचंद जैन के नेतृत्व में पूरी कांग्रेस पार्टी ने एकजुटता के साथ भाजपा को इस उप चुनाव में धूल चटाने कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है और जनता ने भी कांग्रेस के परिश्रम को स्वीकार किया है और भाजपा के छलावे को बखूबी समझा है। जावेद ने कांग्रेस पार्टी की ओर से वार्ड के समस्त मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए बढ़-चढ़ कर मतदान में हिस्सा लेने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है और विश्वास दिलाते हुए कहा है कि स्वर्गीय रशीद खान की कमी वार्डवासियों को महसूस होने नहीं देगी कांग्रेस। हमारे प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी दिवंगत रशीद खान के नक्शे कदम पर चलकर वार्डवासियों की निस्वार्थ सेवा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *